नेपाल में बाढ़ से तबाही, उत्तराखंड ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर; फंसे लोगों की ऐसे मिलेगी मदद
नेपाल में आई भीषण बाढ़ और आपदा के चलते जन-धन के नुकसान को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने मदद का हाथ बढ़ाया है। उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने नेपाल के प्रभावित क्षेत्रों में फंसे उत्तराखंड के नागरिकों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।
USDMA के अनुसार, यदि उत्तराखंड का कोई नागरिक नेपाल के प्रभावित क्षेत्र में फंसा हुआ है या किसी व्यक्ति के संबंध में कोई महत्वपूर्ण जानकारी साझा करनी है, तो इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा टोल-फ्री हेल्पलाइन 1070 पर भी सहायता ली जा सकती है।
जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर:
0135-2710334
0135-2710335
0135-2664314
0135-2664315
0135-2664316
8218867005
टोल-फ्री: 1070
नेपाल की पीड़ा उत्तराखंड की पीड़ा: मुख्यमंत्री धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नेपाल में आई आपदा से हुए जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता और राज्य सरकार की संवेदनाएं नेपाल के प्रभावित परिवारों के साथ हैं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और प्रभावित लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की।
धामी ने कहा कि भारत और नेपाल के रिश्ते केवल दो पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों के बीच साझा संस्कृति, परंपराओं, आस्था और सामाजिक संबंधों की मजबूत विरासत है। उत्तराखंड और नेपाल के बीच सदियों पुराने रोटी-बेटी के संबंध रहे हैं।
उन्होंने विशेष रूप से कुमाऊं क्षेत्र का नेपाल के साथ गहरा जुड़ाव बताया। पिथौरागढ़ और चंपावत समेत सीमावर्ती क्षेत्रों के लोगों के नेपाल के साथ ऐतिहासिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल में आई आपदा का दर्द उत्तराखंड के लोगों के लिए अपने परिवार के किसी सदस्य के संकट में होने जैसा है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों में जुटे सुरक्षाकर्मियों, स्वयंसेवकों और स्थानीय नागरिकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर हरसंभव सहयोग के लिए तैयार है।
