Uttarakhand

चमोली: नारायणबगड़ में आवारा कुत्तों का आतंक, 10 स्कूलों में तीन दिन का अवकाश

नारायणबगड़ क्षेत्र में आवारा और हिंसक कुत्तों के बढ़ते हमलों ने लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए नारायणबगड़ और नलगांव क्षेत्र के 10 विद्यालयों में 20 से 23 अगस्त तक अवकाश घोषित कर दिया है।

प्रमुख क्षेत्र पंचायत नारायणबगड़ की ओर से भेजे गए पत्र और जिलाधिकारी चमोली के निर्देशों के बाद मुख्य शिक्षा अधिकारी आकाश सारस्वत ने इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। अवकाश के दौरान विद्यालयों में तैनात शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अवकाश की जद में राजकीय इंटर कॉलेज नारायणबगड़, सरस्वती शिशु मंदिर, उत्तरांचल विद्या निकेतन, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नारायणबगड़, गुरुराम राय पब्लिक स्कूल पंती, राजकीय प्राथमिक विद्यालय नलगांव, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नलगांव, मॉडर्न चिल्ड्रंस एकेडमी और उत्तराखंड विद्यालय निकेतन समेत 10 विद्यालय शामिल हैं।

तीन स्कूली बच्चों समेत पांच लोगों को काटा

क्षेत्र में आवारा कुत्तों के हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार के बाद बुधवार को भी एक लावारिस कुत्ते ने तीन स्कूली बच्चों समेत पांच लोगों को अपना शिकार बना लिया। घायल बच्चों दीपांशु बिष्ट, मानवी और वैष्णवी के अलावा मजदूर प्रकाश और पंती गांव निवासी लक्ष्मी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां सभी को एंटी-रेबीज का इंजेक्शन लगाया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग सक्रिय हो गया। रेंजर प्रदीप गौड़ के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में वन दरोगा प्रकाश कण्डारी, मोहन प्रसाद सती, मदन सिंह तथा वन आरक्षी प्रमोद सिंह और पंकज पुरोहित शामिल रहे। एसडीआरएफ की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर अभियान में सहयोग किया।

संयुक्त टीम ने नारायणबगड़ गांव में घेराबंदी कर हमलावर कुत्ते को पकड़ लिया। कुत्ते के पकड़े जाने के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, लेकिन क्षेत्र में अन्य आवारा कुत्तों के भी हिंसक होने की आशंका को लेकर चिंता बनी हुई है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *