देहरादून: गांधीग्राम में फल खरीदने को लेकर विवाद, दो पक्षों में झगड़े से फैला तनाव
देहरादून के गांधीग्राम क्षेत्र में बुधवार शाम फल खरीदने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गया। घटना लक्ष्मण चौक, कोतवाली नगर क्षेत्र की बताई जा रही है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और हाथापाई की स्थिति बन गई, जिससे आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए और क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही लक्ष्मण चौक चौकी और कोतवाली नगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
पीड़ित महिला लक्ष्मी देवी सोनकर ने बताया कि वह अपनी फल की दुकान पर बैठी थीं। इसी दौरान एक 16-17 वर्षीय युवक फल खरीदकर ले गया। कुछ देर बाद वह दोबारा लौटा और कथित रूप से गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि युवक ने फल फेंकते हुए उन पर हमला किया, थप्पड़ मारे और जान से मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसने उन्हें सड़क की ओर धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गया।
महिला का यह भी आरोप है कि उक्त युवक पहले भी उनकी माता के साथ मारपीट कर चुका है, लेकिन उस समय कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिव नगर कॉलोनी, कांवली रोड निवासी एक युवक के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपित की तलाश जारी है।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, लेकिन पुलिस की सतर्कता से हालात पर काबू पा लिया गया। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
