Uttarakhand

CM धामी के मंच से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला ने की सरकार की तारीफ, सियासी गलियारों में बढ़ी हलचल

उत्तराखंड की राजनीति में बुधवार को गोपेश्वर से एक ऐसा संदेश निकला जिसने राजनीतिक हलकों में नई चर्चा छेड़ दी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार’ कार्यक्रम के दौरान पुलिस मैदान में आयोजित सभा में उस समय सभी की निगाहें कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला पर टिक गईं, जब उन्हें मंच से संबोधन के लिए आमंत्रित किया गया।

बदरीनाथ विधानसभा से कांग्रेस विधायक लखपत बुटोला के भाषण को लेकर लोगों में उत्सुकता थी कि वह विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सरकार पर निशाना साधेंगे। लेकिन जैसे ही उन्होंने बोलना शुरू किया, माहौल कुछ अलग ही नजर आया। बुटोला ने धामी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि विपक्ष में होने के बावजूद उनकी विधानसभा में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रही। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है और ‘जन-जन की सरकार’ जैसे कार्यक्रम जनता से सीधे संवाद का माध्यम बन रहे हैं।

कांग्रेस विधायक के इस बयान ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों के साथ-साथ राजनीतिक जानकारों का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया। खास बात यह रही कि कार्यक्रम में कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने भी इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं को और तेज कर दिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपने संबोधन में लखपत बुटोला के बयान का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार ने विकास कार्यों में कभी किसी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ विधानसभा समेत राज्य के सभी क्षेत्रों में समान रूप से विकास कार्य कराए गए हैं और सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री के मंच से कांग्रेस विधायक द्वारा सरकार की खुलकर की गई तारीफ अब प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है। राजनीतिक विश्लेषक इसे आने वाले चुनावों से पहले एक महत्वपूर्ण सियासी संकेत के रूप में भी देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *