Uttarakhand

राहुल गांधी आज भरेंगे उत्तराखंड चुनाव का बिगुल, अल्मोड़ा में रैली तो पौड़ी में सैनिकों से मुलाकात

करीब चार साल बाद कांग्रेस के शीर्ष नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष Rahul Gandhi उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। माना जा रहा है कि उनका यह दौरा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत साबित हो सकता है। दो दिवसीय दौरे के पहले दिन गुरुवार को राहुल गांधी अल्मोड़ा में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में पूर्व फौजियों के साथ संवाद करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस ने राहुल गांधी के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी बुधवार को पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए अल्मोड़ा रवाना होंगे। अल्मोड़ा में सुबह करीब 11 बजे वे जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और प्रदेश से जुड़े अन्य जनसरोकारों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है।

अल्मोड़ा कार्यक्रम के बाद राहुल गांधी पौड़ी पहुंचेंगे, जहां पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेकर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों से संवाद करेंगे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कांग्रेस इस सम्मेलन के माध्यम से सैनिक बहुल उत्तराखंड में पूर्व सैनिकों और सैन्य परिवारों को साधने का प्रयास करेगी।

सम्मेलन के दौरान राहुल गांधी केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना, वन रैंक वन पेंशन (OROP), ईसीएचएस सुविधाओं तथा पूर्व सैनिकों की पेंशन को आयकर के दायरे में लाने जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेर सकते हैं। कांग्रेस इन विषयों को लंबे समय से उठाती रही है और राहुल गांधी इन्हें आगामी चुनावी विमर्श का प्रमुख हिस्सा बनाने की कोशिश करेंगे।

सूत्रों के अनुसार राहुल गांधी अपने दौरे के दौरान अंकिता भंडारी के परिजनों से भी मुलाकात कर सकते हैं। इसके अलावा कोटद्वार में मोहम्मद दीपक के जिम जाने की भी चर्चा है। हालांकि कांग्रेस ने इन कार्यक्रमों को आधिकारिक तौर पर सार्वजनिक नहीं किया है।

राहुल गांधी का रात्रि विश्राम मसूरी में प्रस्तावित है। दौरे के दूसरे दिन वे देहरादून में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, जिला एवं महानगर इकाइयों, फ्रंटल संगठनों और अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और बूथ स्तर की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से फीडबैक भी लिया जाएगा।

राहुल गांधी के दौरे को सफल बनाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पहले ही अल्मोड़ा पहुंच चुके हैं। प्रदेश प्रभारी Kumari Selja, प्रदेश अध्यक्ष Ganesh Godiyal, नेता प्रतिपक्ष Yashpal Arya, पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष Pritam Singh, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष Harak Singh Rawat तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष Karan Mahara समेत कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेता कार्यक्रमों की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

राजनीतिक दृष्टि से राहुल गांधी का यह दौरा बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार उत्तराखंड में उनकी सक्रिय मौजूदगी कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने के साथ-साथ आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की रणनीतिक दिशा भी तय कर सकती है। कांग्रेस इसे उत्तराखंड में अपने जनाधार को मजबूत करने और भाजपा के खिलाफ राजनीतिक माहौल बनाने के बड़े अवसर के रूप में देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *