Uttarakhand

चारधाम यात्रा में उमड़ी रिकॉर्ड भीड़, टोकन सिस्टम हुआ बेअसर; श्रद्धालुओं की संख्या 20 लाख के पार

उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा इस बार रिकॉर्ड भीड़ की गवाह बन रही है। श्रद्धालुओं की भारी आमद के कारण धामों में व्यवस्थाएं लगातार दबाव में हैं। स्थिति यह है कि दर्शन को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए लागू की गई टोकन व्यवस्था भी भीड़ के आगे बेअसर साबित हो रही है। 19 अप्रैल से 22 मई तक चारधामों में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 20 लाख के पार पहुंच चुकी है, जबकि प्रतिदिन 75 से 80 हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

प्रदेश सरकार ने बीते वर्ष चारधाम यात्रा में भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं को लंबी कतारों से राहत देने के लिए टोकन व्यवस्था शुरू की थी। इस बार भी सरकार और प्रशासन ने दावा किया था कि टोकन प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि यात्रियों को तय समय पर आसानी से दर्शन कराए जा सकें। लेकिन यात्रा शुरू होते ही श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती चली गई और अब हालात ऐसे हो गए हैं कि कई स्थानों पर टोकन व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई है।

गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम में टोकन काउंटर स्थापित किए गए हैं। गंगोत्री धाम में बस अड्डे के पास, यमुनोत्री में घोड़ा पड़ाव पर और केदारनाथ में मंदिर से पहले टोकन काउंटर लगाए गए हैं। हालांकि बदरीनाथ धाम में अभी तक टोकन व्यवस्था लागू नहीं की गई है। भारी भीड़ के चलते कई श्रद्धालु बिना टोकन के ही दर्शन के लिए निकल पड़ रहे हैं, जिससे व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।

टोकन होने के बावजूद श्रद्धालुओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई जगहों पर लंबी कतारों और भीड़ के कारण धक्का-मुक्की जैसी स्थिति भी बन रही है। यात्रियों का कहना है कि उन्हें तय समय पर दर्शन नहीं मिल पा रहे हैं और भीड़ के कारण काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तरकाशी के जिला पर्यटन अधिकारी केके जोशी के अनुसार, टोकन काउंटर और मंदिर के बीच पैदल दूरी अधिक होने के कारण कई श्रद्धालु समय पर मंदिर तक नहीं पहुंच पाते। इसके चलते टोकन का समय प्रभावित हो जाता है और दर्शन में देरी होती है। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को और बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

वहीं, केदारनाथ में उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत का कहना है कि धाम में टोकन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित की जा रही है और श्रद्धालुओं को व्यवस्थित ढंग से दर्शन कराए जा रहे हैं। प्रशासन लगातार भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है।

चारधाम यात्रा में उमड़ रही रिकॉर्ड भीड़ से स्थानीय प्रशासन, पुलिस और पर्यटन विभाग के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। आने वाले दिनों में यात्रा और तेज होने की संभावना है, ऐसे में व्यवस्थाओं को और मजबूत करना प्रशासन के लिए बेहद जरूरी माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *