Uttarakhand

आस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं: चारधाम यात्रा में अफवाह फैलाने वालों पर CM का कड़ा एक्शन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए साफ चेतावनी दी है कि आस्था और श्रद्धा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सीधे एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा चारधाम यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं। तीर्थयात्रियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, यातायात प्रबंधन, आपदा सुरक्षा और डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम को मजबूत किया गया है, ताकि हर श्रद्धालु को बिना परेशानी के दर्शन का लाभ मिल सके।

इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर झूठी और भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे न सिर्फ श्रद्धालु भ्रमित हो रहे हैं बल्कि उत्तराखंड की छवि को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

हाल ही में रुद्रप्रयाग जिले में सोशल मीडिया निगरानी के दौरान एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसमें केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को दर्शन से वंचित किए जाने का झूठा दावा किया गया था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना सोनप्रयाग में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सरकार ने यह भी बताया कि ऐसे कई अन्य संदिग्ध वीडियो चिन्हित किए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।

प्रदेश में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चारधाम यात्रा की गरिमा और उत्तराखंड की धार्मिक आस्था के साथ छेड़छाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

साथ ही उन्होंने प्रदेशवासियों, श्रद्धालुओं और सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें और किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सामग्री को साझा करने से बचें, ताकि यात्रा की पवित्रता और व्यवस्था बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *