Uttarakhand

टिहरी वारदात: छोटे भाई को अपाहिज बनाने के आरोप में भाई-भाभी गिरफ्तार, आज पेशी

टिहरी जिले के भिलंगना ब्लॉक अंतर्गत लसियाल गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। छोटे भाई पर जानलेवा हमला कर उसके दोनों हाथ कटवाने के आरोप में पुलिस ने बड़े भाई और भाभी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी भेजा गया है। दोनों आरोपियों को 25 दिसंबर को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

बालगंगा तहसील के लसियाल गांव निवासी अंग्रेज सिंह बिष्ट (25) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 दिसंबर की रात उसका बड़ा भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि महाराष्ट्र से गांव लौटे थे। देर रात दोनों उसके कमरे में आए और अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जब अंग्रेज सिंह जान बचाने के लिए बाहर भागा तो दरवाजे पर खड़ी भाभी से चाकू लेकर भाई ने उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके दोनों हाथ गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

घायल अंग्रेज सिंह किसी तरह जान बचाकर गांव में रह रहे नेपाली मजदूरों के घर पहुंचा। सुबह उसने अपने चाचा से मदद मांगी, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। दिनभर वह घर में ही पड़ा रहा। शाम को आरोपी भाई ही उसे बेलेश्वर अस्पताल लेकर गया।

पीड़ित के अनुसार डॉक्टरों ने बताया था कि एक हाथ बचने की संभावना है और प्राथमिक इलाज के बाद उसे पिलखी रेफर किया गया। वहां से उसे हायर सेंटर भेजा गया और अंततः ऋषिकेश के एक बड़े अस्पताल में भर्ती कराया गया। अंग्रेज सिंह का आरोप है कि डॉक्टरों से हाथ बचाने की गुहार लगाने के बावजूद जब उसे होश आया तो उसके दोनों हाथ काटे जा चुके थे।

पीड़ित का कहना है कि उसका परिवार में किसी से कोई विवाद नहीं था। थाना प्रभारी अजय कुमार जाटव ने बताया कि पीड़ित की नामजद तहरीर के आधार पर आरोपी भाई पूरब सिंह और भाभी अंजलि को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *